गणना फार्म जमा कराने के लिए 11-12 जुलाई को विशेष कैंप आयोजित: आशिका जैन

पंजाब

होशियारपुर, 10 जुलाई:
डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब के मार्गदर्शन में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म (गणना फार्म) के संग्रह एवं उनके डिजिटाइजेशन के कार्य को तेज़ी से पूरा करने के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 11 और 12 जुलाई को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि दोनों दिनों में यह विशेष कैंप सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगाए जाएंगे। सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं से एन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त करने तथा संबंधित प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।

आशिका जैन ने बताया कि विधानसभा क्षेत्रों के सभी अधिकारियों, एएलएमटी तथा बीएलओ सुपरवाइजरों को भी विशेष कैंपों के दौरान बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि एन्यूमरेशन फॉर्म एकत्र करने और उनके डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि जिन स्कूलों एवं सरकारी कार्यालयों में मतदान केंद्र स्थापित हैं, उनके प्रमुखों को विशेष कैंप वाले दिनों में परिसर खुला रखने, बीएलओ को आवश्यक फर्नीचर एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

डिप्टी कमिश्नर ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे 11 एवं 12 जुलाई को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष कैंप में पहुंचकर एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करवाएं तथा मतदाता सूची की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *