होशियारपुर,जॉली 21 जुलाई:
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के निर्देशों के तहत विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) अमनदीप कौर घुम्मण ने मंगलवार को जिले में सेफ स्कूल वाहन नीति के अंतर्गत स्कूल वाहनों की विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न स्कूलों की कुल 15 स्कूल बसों की गहन जांच की गई।
चेकिंग के दौरान बसों के आवश्यक दस्तावेज, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे तथा अन्य सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 2 स्कूल बसों के चालान किए गए।
आरटीओ अमनदीप कौर घुम्मण ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्कूल वाहनों के लिए निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सेफ स्कूल वाहन नीति के तहत ऐसे विशेष जांच अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

