होशियारपुर,जॉली जुलाई: जिला प्रशासन होशियारपुर और दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच), लुधियाना के संयुक्त प्रयास से मंगलवार को डीएवी बी.एड. कॉलेज, होशियारपुर में ‘मिशन स्वस्थ कवच’ का शुभारंभ किया गया व ट्रेनिंग सत्र भी आयोजित किया गया। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के निर्देशों पर आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) निधि कुमुद बंबाह विशेष रूप से उपस्थित हुई।
इस अवसर पर एडीसी ने कहा कि मिशन स्वस्थ कवच का उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना, बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना तथा समुदाय को जीवन रक्षक कौशल से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में जनभागीदारी और जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर), प्राथमिक उपचार, रक्तचाप (बीपी) की जांच तथा बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) के बारे में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। नर्सिंग स्कूल के विद्यार्थियों ने सीपीआर और बीपी मापन का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की मोबाइल स्वास्थ्य टीमें भी मौजूद थी।
ए.डी.सी. ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भविष्य में मास्टर ट्रेनर के रूप में समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि ट्रेनिंग लेने वालों को सर्टिफिकेट भी दिए जाएंगे।
डीएमसीएच के डॉ. बिशव मोहन ने नर्सिंग स्कूल के विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण देना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
कार्यक्रम में सहायक कमिश्नर गुरप्रीत कौर, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सीमा गर्ग, सरकारी मल्टीपर्पज ट्रेनिंग स्कूल, सिविल अस्पताल होशियारपुर की प्रिंसिपल सुखविंदर कौर, , जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) हरजिंदर कौर, डिप्टी डीईओ (एलिमेंट्री) अमनदीप शर्मा, डीएवी बीएड कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. बिधि भल्ला, सिविल सर्जन कार्यालय के नर्सिंग स्कूल के विद्यार्थी एवं ट्यूटर, विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी तथा अध्यापक भी उपस्थित थे।

