अल्पसंख्यकों के कल्याण और सुरक्षा को लेकर गंभीर: जतिंदर मसीह गौरव

पंजाब

होशियारपुर,जॉली जुलाई: पंजाब अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन जतिंदर मसीह गौरव ने आज जिला प्रशासकीय परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण, सुरक्षा और विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अल्पसंख्यक वर्ग के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक उत्थान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचना चाहिए।

बैठक के दौरान चेयरमेन ने अल्पसंख्यक कल्याण योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने छात्रवृत्ति योजनाओं, रोजगार एवं कौशल विकास कार्यक्रमों तथा अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा, शिकायत निवारण प्रणाली तथा लोगों की समस्याओं के शीघ्र समाधान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने इस दौरान लोगों की समस्याएं सुनी और उनका मौके पर हल करने संबंधी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत पर संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान लीड बैंक मैनेजर को निर्देश दिए गए कि अल्पसंख्यक समुदाय सहित पात्र जरूरतमंद लोगों को विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराया जाए।

चेयरमैन ने पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि आज उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधियों एवं गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के प्रतिनिधियों से संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आयोग लोगों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
उन्होंने बताया कि बैठक में जिले से जुड़े विभिन्न विशेष मामलों की भी समीक्षा की गई।

चेयरमैन जतिंदर मसीह गौरव ने अधिकारियों को विभिन्न मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए स्पष्ट निर्देश देते हुए तय समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) निधि कुमुद बंबाह, एसपी नवनीत कौर, ज़िला सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारी हरपाल सिंह गिल, बंटी अजनाला, लुकास मसीह, रोहित मलिक, मनीर मसीह, ब्रह्म मसीह जटवाल, कुलदीप खोखर, एडवोकेट जेम्स, सूबेदार तरसेम मसीह के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *