सहकारिता सप्ताह के अवसर पर हरको बैंक द्वारा स्वच्छता अभियान का आयोजन

देश पंजाब

चंडीगढ़,4 जुलाई- हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक लिमिटेड (हरको बैंक) द्वारा आज सहकारिता सप्ताह के अवसर पर बैंक स्क्वायर, सेक्टर-17बी, चंडीगढ़ में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व हरको बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रफुल्ल रंजन ने वरिष्ठ बैंक अधिकारियों के साथ किया।
इस अवसर पर डॉ. प्रफुल्ल रंजन ने कहा कि सहकारिता आंदोलन केवल वित्तीय संस्थानों पर आधारित व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह समावेशी विकास, पर्यावरणीय स्थिरता तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित एक जन-केंद्रित आंदोलन है।
यह स्वच्छता अभियान सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत हरको बैंक द्वारा श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस के सहयोग से आयोजित किया गया, जो बैंक की अपनी मूल सहकारी बैंकिंग प्रतिबद्धताओं के साथ-साथ नागरिक उत्तरदायित्व एवं सामुदायिक सहभागिता के प्रति उसकी दृढ़ प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करता है।

यह अभियान बैंक स्क्वायर, सेक्टर-17बी, चंडीगढ़ में आयोजित किया गया, जहाँ बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बैंक स्क्वायर में व्यापक स्वच्छता कार्य किया। इस अभियान में महाप्रबंधक श्री अशोक वर्मा, महाप्रबंधक श्रीमती उर्वशी गुप्ता, उप -महाप्रबंधक श्रीमती सुधा शर्मा , प्रबंधक श्री जयपाल सिंह , प्रबंधक श्री महेंद्र जांगड़ा, प्रबंधक श्री उमेश कुमार तथा सहायक प्रबंधक श्री विजय कुमार सहित अन्य बैंक अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। ऐसी जनहितकारी पहलों के माध्यम से हरको बैंक सहकारिता आंदोलन के मूल सिद्धांतों एवं मूल्यों को निरंतर आत्मसात करते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा है तथा स्वच्छ भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय एवं सार्थक भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *