ऊर्जा संरक्षण पर राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता-2026 की घोषणा
चंडीगढ़ 29 सितंबर परमोद कोशिक
भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय द्वारा “अपनी कल्पना से भविष्य को रंग दें” संदेश के साथ ‘ऊर्जा संरक्षण पर राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता – 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। स्कूली बच्चों में ऊर्जा बचत के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता को दो श्रेणियों में बांटा गया है।
एक सरकारी प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसमें ‘समूह क’ के अंतर्गत कक्षा 5वीं, 6ठीं और 7वीं के छात्र तथा ‘समूह ख’ के तहत कक्षा 8वीं, 9वीं और 10वीं के छात्र भाग ले सकते हैं। दोनों ही समूहों के लिए चित्रकला के मुख्य विषय “स्कूल और घर पर ऊर्जा बचाएं” तथा “ऊर्जा संरक्षण ऊर्जा सुरक्षा की कुंजी है” निर्धारित किए गए हैं। इस प्रतियोगिता के तहत राज्य/संघ राज्य क्षेत्र स्तर तथा राष्ट्रीय स्तर पर दोनों समूहों के विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार एवं पदक प्रदान किए जाएंगे।
प्रवक्ता ने बताया कि राज्य स्तरीय स्पर्धा में प्रत्येक श्रेणी के प्रथम पुरस्कार विजेता को ₹50,000 व स्वर्ण पदक, द्वितीय पुरस्कार विजेता को ₹30,000 व रजत पदक, तृतीय पुरस्कार विजेता को ₹20,000 व कांस्य पदक तथा 10 प्रशंसा पुरस्कार विजेताओं को ₹7,500-₹7,500 की राशि दी जाएगी। वहीं, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को ₹1,00,000, एक लैपटॉप व स्वर्ण पदक; द्वितीय स्थान के लिए ₹50,000, एक लैपटॉप व रजत पदक; तृतीय स्थान के लिए ₹30,000, एक लैपटॉप व कांस्य पदक तथा 10 प्रशंसा पुरस्कार विजेताओं को ₹15,000-₹15,000 के साथ टैबलेट प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा राष्ट्रीय विजेताओं को भारत में अध्ययन दौरे का अवसर भी दिया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पेंटिंग जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर, 2026 तय की गई है। पंजाब, हरियाणा और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के विद्यार्थी अपनी पेंटिंग डाक द्वारा या हाथों-हाथ नोडल अधिकारी के पते: इंजी. राजीव शाही, निदेशक/मानव संसाधन विकास—सह—नोडल अधिकारी, बीबीएमबी, प्लॉट संख्या 6-बी, मध्य मार्ग, सेक्टर 19-बी, चंडीगढ़-160019 पर भेज सकते हैं।

