जालंधर ग्रामीण पुलिस ने आदमपुर हत्या कांड का किया त्वरित खुलासा; मुख्य आरोपी काबू, वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल बरामद*

पंजाब

चेतन पूरी

जालंधर, 06 जुलाई 2026*

स. हरविंदर सिंह विर्क, PPS, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जालंधर ग्रामीण के दिशा-निर्देशों तथा विनीत आहलावत, IPS, पुलिस कप्तान (जांच), राजीव कुमार, डीएसपी, सब-डिवीजन आदमपुर एवं इंस्पेक्टर पुष्प बाली, प्रभारी सीआईए स्टाफ की निगरानी में जालंधर ग्रामीण पुलिस ने हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया पिस्तौल भी बरामद कर लिया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए स. हरविंदर सिंह विर्क, PPS, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जालंधर ग्रामीण ने बताया कि दिनांक 06 जुलाई 2026 को लगभग दोपहर 12:30 बजे गांव दरोली कलां, थाना आदमपुर निवासी 26 वर्षीय दविंदर सिंह उर्फ बाजा की मनप्रीत सिंह उर्फ गंगू के घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही विनीत आहलावत, IPS, पुलिस कप्तान (जांच), राजीव कुमार, डीएसपी, सब-डिवीजन आदमपुर, इंस्पेक्टर पुष्प बाली, प्रभारी सीआईए स्टाफ, इंस्पेक्टर पंकज कुमार, थाना प्रभारी आदमपुर तथा पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस द्वारा पूरे गांव की घेराबंदी कर सभी आने-जाने वाले रास्तों को तत्काल सील कर दिया गया।

प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आया कि वारदात के समय मनप्रीत सिंह उर्फ गंगू के घर के अंदर कुल पांच व्यक्ति मौजूद थे। अब तक मनप्रीत सिंह उर्फ गंगू को काबू कर लिया गया है, जबकि हरमन, वरुण और आकाश की पहचान कर ली गई है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि यह घटना घर के एक कमरे के अंदर हुई, जहां कथित तौर पर ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल से लगभग 10 से 12 राउंड फायर किए गए। वारदात में इस्तेमाल किया गया ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल पुलिस ने बरामद कर लिया है। मौके की जांच के दौरान कमरे को गोलीबारी के कारण काफी क्षतिग्रस्त पाया गया।

स. हरविंदर सिंह विर्क, PPS, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जालंधर ग्रामीण ने आगे बताया कि मृतक दविंदर सिंह उर्फ बाजा एक हार्डकोर अपराधी था, जो हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसके विरुद्ध तीन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे तथा वह पहले एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान भी गिरफ्तार हो चुका था। प्रारंभिक जांच से यह भी सामने आया है कि यह हत्या पुरानी निजी रंजिश के चलते की गई प्रतीत होती है।

इस संबंध में थाना आदमपुर में मामला दर्ज कर लिया गया है। मौके पर मौजूद अन्य व्यक्तियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है तथा शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *