होशियारपुर, 10 जुलाई
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के दिशा-निर्देशों तथा सामाजिक सुरक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग, पंजाब के निर्देशों के अनुसार जिला कार्यक्रम अधिकारी गगनदीप सिंह के नेतृत्व में ब्लॉक मुकेरियां के गांव डुगरी अवाना स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में ईसीसीई दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, कविता पाठ, कहानी सुनाना, खेलकूद तथा सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इस अवसर पर माताओं को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा आयरन एवं फोलिक एसिड के सेवन की आवश्यकता के संबंध में जागरूक किया। साथ ही बच्चों को खेल, समूह गतिविधियों और कक्षा आधारित सत्रों के माध्यम से स्वच्छता, अनुशासन, आपसी सहयोग और नैतिक मूल्यों का महत्व समझाया गया तथा अच्छी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने आंगनवाड़ी केंद्र में पहुंचकर माताओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उन्हें पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के समग्र विकास के साथ-साथ उनके बौद्धिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

