जिला निर्वाचन अधिकारी ने एस.आई.आर की प्रगति का लिया जायजा

पंजाब

ब्यूरो आज तक आमने-सामने होशियारपुर, 1 जुलाईः डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन ने जिले में चल रहे मतदाता सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए समूह निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे गणना कार्य की विस्तार से समीक्षा की।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीएलओ द्वारा किए जा रहे गणना कार्य की जानकारी निर्धारित मोबाइल एप पर समयबद्ध तरीके से अपलोड की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के लिए 1 अक्टूबर 2026 को योग्यता तिथि निर्धारित की गई है। इसके अंतर्गत 24 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना का कार्य करेंगे और प्रत्येक पात्र मतदाता से एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाया जाएगा।

आशिका जैन ने बताया कि यदि किसी घर में मतदाता अनुपस्थित मिलता है अथवा घर बंद पाया जाता है, तो संबंधित बीएलओ उस घर का तीन बार दौरा करेगा। पहली विजिट के दौरान बीएलओ अपने अगले दौरे की सूचना घर के दरवाजे पर चस्पा करेगा, ताकि संबंधित परिवार को जानकारी मिल सके और कोई भी मतदाता इस प्रक्रिया से बाहर न रह जाए।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार 24 जुलाई 2026 तक जिले के मतदान केंद्रों के रैशनलाइजेशन का कार्य भी पूर्ण कर लिया जाए।

उन्होंने बताया कि आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार जिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक होगी, वहां नए मतदान केंद्र स्थापित करने संबंधी प्रस्ताव तैयार कर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब को भेजे जाएंगे, ताकि मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया में अधिक सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।

इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) निधि कुमुद बंबाह, सहायक कमिश्नर (अंडर ट्रेनिंग) गुरकंवल सिंह एस.डी.एम. होशियारपुर परमप्रीत सिंह, एस.डी.एम गढ़शंकर संजीव कुमार, एस.डी.एम दसूहा कंवलजीत सिंह, एस.डी.एम. मुकेरियां ज्योतसना, तहसीलदार चुनाव रमनदीप कौर, चुनाव कानूनगो लखबीर सिंह भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *