मनदीप कौर होशियारपुर, 4 जुलाई : राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से रविवार (5 जुलाई) को नगर निगम होशियारपुर की चुनाव प्रक्रिया को लेकर जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
डिप्टी कमिश्नर-कम- जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन ने बताया कि रविवार सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक ईवीएम के माध्यम से वोट डाले जाएंगे।
जिला प्रशासन द्वारा सुचारू और पारदर्शी तरीके से वोटिंग करवाने के लिए किए गए प्रबंधों के बारे में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि 50 वार्डों के लिए कुल 1,33,569 मतदाता वोट डालेंगे, जिनमें कुल 139 बूथ बनाए गए हैं और कुल 219 उम्मीदवार इन चुनावों में लड़ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार वोटिंग के बाद ही उसी पोलिंग बूथ पर वोटों की गिनती शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अमन-कानून की व्यवस्था के लिए जिला पुलिस द्वारा निर्धारित संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, ताकि पूरा चुनावी काम सुचारू रूप से संपन्न किया जा सके।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि वोटर कार्ड के साथ मतदाता अपनी वोट डाल सकेंगे। यदि किसी मतदाता के पास वोटर कार्ड नहीं है तो वह आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, फोटो वाला पैन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड/नीला कार्ड, फोटो वाला असला लाइसेंस, फोटो वाला पेंशन दस्तावेज, स्वतंत्रता सेनानियों पहचान पत्र (फोटो सहित), बैंक या डाकघर द्वारा जारी फोटो वाली पासबुक दिखाकर वोट डाल सकेंगे।
इसी प्रकार ऐसे मतदाता श्रम मंत्रालय द्वारा जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, सांसदों या विधायकों को जारी पहचान पत्र, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा जारी यू.डी.आई.डी. कार्ड, केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों/कर्मचारियों को जारी विभागीय पहचान पत्र तथा विद्यार्थियों को मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों द्वारा जारी फोटो वाला पहचान पत्र दिखाकर वोट डाल सकेंगे।
उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर बाद तक पोलिंग पार्टियां और जरूरी स्टाफ अपने-अपने पोलिंग बूथों के लिए रवाना कर दिए गए थे।
कैप्शन : डिप्टी कमिश्नर-कम- जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन रविवार को पड़ने वाली वोटिंग के बारे में जानकारी देते हुए।

