स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर सभी विभाग समयबद्ध ढंग से निभाएं अपनी जिम्मेदारियां: सुमित मुध

देश

होशियारपुर,जॉली जुलाई: डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के निर्देशों के तहत जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से सहायक कमिश्नर (सामान्य) सुमित मुध ने आज विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में समारोह की तैयारियों का विस्तृत जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित जिम्मेदारियों को समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

सहायक कमिश्नर सुमित मुध ने बताया कि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को पुलिस लाइन ग्राउंड, होशियारपुर में पूरे उत्साह, देशभक्ति और सम्मान के साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के महत्व को देखते हुए तैयारियों में किसी प्रकार की कोताही नहीं न बरती जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि समारोह भव्य एवं यादगार बन सके।

बैठक के दौरान उन्होंने परेड की तैयारियों, समारोह स्थल की साफ-सफाई, मंच एवं बैठक व्यवस्था, अतिथियों को निमंत्रण, विभिन्न विभागों की विकासात्मक झांकियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं, पेयजल, बिजली तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा से पहले पूरी कर ली जाएं और प्रत्येक विभाग अपने कार्य की नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित करे।

सुमित मुध ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का अवसर है। इसलिए समारोह की प्रत्येक व्यवस्था गरिमा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना के अनुरूप होनी चाहिए।

बैठक में नगर निगम कमिश्नर ज्योति बाला मट्टू, एस.डी.एम. होशियारपुर परमप्रीत सिंह, सहायक कमिश्नर गुरप्रीत कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *