जिला रेड क्रॉस सोसायटी की ओर से 7 और 8 जुलाई को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित

देश

ब्यूरो आज तक आमने-सामने होशियारपुर, 2 जुलाई: डिप्टी कमिश्नर-कम-चेयरमैन जिला रेड क्रॉस सोसायटी आशिका जैन के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिला रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा दिव्यांगजनों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता का संचार करने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत जिला रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा आर्टिफिशियल लिम्ब्स मैन्युफैक्चरिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एएलआईएमसीओ) के विशेष सहयोग से 7 जुलाई को कम्युनिटी हॉल, कमाही देवी तथा 8 जुलाई को बी.डी.पी.ओ. कार्यालय, दसूहा में निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र लाभार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव मंगेश सूद ने बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान यह संस्था का पांचवां शिविर है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य उन आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांगजनों की सहायता करना है, जो आर्थिक तंगी के कारण आवश्यक सहायक उपकरण खरीदने में सक्षम नहीं हैं। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लाभार्थियों की निःशुल्क जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान जरूरतमंद लाभार्थियों को श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल, बैसाखियां एवं कैलिपर्स मौके पर ही निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि कृत्रिम हाथ एवं पैर के लिए माप लेने के उपरांत 10 से 15 दिनों के भीतर उन्हें पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

सचिव रेडक्रास सोसायटी ने बताया कि इन उपकरणों के वितरण के लिए कुछ आवश्यक पात्रता शर्तें निर्धारित की गई हैं। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल केवल उन्हीं लाभार्थियों को प्रदान की जाएगी जिनकी दिव्यांगता 80 प्रतिशत या उससे अधिक है तथा जिन्होंने पिछले पांच वर्षों के दौरान सरकार अथवा किसी अन्य संस्था से ऐसी सुविधा प्राप्त नहीं की है। इसी प्रकार व्हीलचेयर, कृत्रिम अंग एवं श्रवण यंत्र जैसे अन्य सहायक उपकरण केवल उन्हीं जरूरतमंद व्यक्तियों को दिए जाएंगे, जिन्होंने पिछले तीन वर्षों के दौरान इन सुविधाओं का लाभ प्राप्त नहीं किया है।

संयुक्त सचिव जिला रेड क्रॉस सोसायटी आदित्य राणा ने बताया कि शिविर में आने वाले लाभार्थियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस विशेष शिविर का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक पात्र उम्मीदवार आवेदन जमा कराने एवं पंजीकरण करवाने के लिए मोबाइल नंबर 81462-41296 पर संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने यह भी अपील की कि शिविर में आने वाले सभी दिव्यांगजन अपने साथ यू.डी.आई.डी. कार्ड अथवा दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड की प्रति अवश्य लेकर आएं।

जिला रेड क्रॉस सोसायटी, होशियारपुर ने क्षेत्र के सभी निवासियों, पंचायत प्रतिनिधियों, पंचों-सरपंचों तथा समाजसेवी संस्थाओं से अपील की है कि वे 7 जुलाई को कम्युनिटी हॉल, कमाही देवी तथा 8 जुलाई को बी.डी.पी.ओ. कार्यालय, दसूहा में आयोजित होने वाले इन शिविरों के बारे में अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद दिव्यांगजनों को जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति इस जनहितकारी पहल का लाभ उठा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *