होशियारपुर,मनदीप कौर 9 जुलाई: डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन की अध्यक्षता में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्र तिनिधियों के साथ पोलिंग स्टेशनों के रैशनलाइजेशन संबंधी बैठक आयोजित की गई।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक पोलिंग स्टेशन पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1200 निर्धारित की गई है। आयोग के निर्देशों के अनुरूप जिले में पोलिंग स्टेशनों के रैशनलाइजेशन की प्रक्रिया पूरी करते हुए आवश्यक प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में पोलिंग स्टेशनों की समीक्षा करने के उपरांत नए पोलिंग बूथ स्थापित करने, कुछ पोलिंग स्टेशनों के नामों में संशोधन, भवन परिवर्तन तथा नए मोहल्लों/सेक्शनों को शामिल करने संबंधी प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।
बैठक के दौरान इन प्रस्तावों पर विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके सुझाव प्राप्त किए गए। सभी प्रतिनिधियों ने प्रस्तावों पर अपनी सहमति व्यक्त की। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुगम एवं मतदाता हितैषी बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी से खुशी राम धीमान, इंडियन नेशनल कांग्रेस से रजनीश टंडन, शिरोमणि अकाली दल से जगतार सिंह, सीपीआई (एम) से बलविंदर सिंह, भाजपा से भूषण कुमार शर्मा, चुनाव तहसीलदार रमनदीप कौर व चुनाव कानूनगो लखबीर सिंह भी मौजूद थे।

