सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर कुरुक्षेत्र के युवाओं के लिए जापान में रोजगार के नए अवसर।
थानेसर,संजीव कुमारी 5 अक्टूबर : कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र- जापान करियर कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर नवीन जिन्दल फाउंडेशन तथा जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन ऑफ वेल्फेयर सर्विसेज के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने युवाओं से संवाद कर जापान में उपलब्ध रोजगार के विभिन्न अवसरों, आवश्यक कौशल तथा रोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में जापानी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य ने कहा कि भारत के कुशल एवं प्रशिक्षित युवा जापान की बदलती रोजगार आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं को जापान में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए आवश्यक कौशल एवं प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) के निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा ने जापानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं को वैश्विक स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में इस प्रकार की पहल महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ‘कुरुक्षेत्र- जापान करियर कनेक्ट’ युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार बाजार की आवश्यकताओं को समझने और उनके अनुरूप स्वयं को तैयार करने का प्रभावी मंच प्रदान करता है।
नवीन जिन्दल फाउंडेशन के स्किल डेवलपमेंट के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. मनीष मिश्रा ने फाउंडेशन द्वारा कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में संचालित तीन स्किल सेंटरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ-साथ विदेशों में रोजगार के सुनियोजित एवं बेहतर अवसरों से जोड़ना है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए ‘कुरुक्षेत्र-जापान करियर कनेक्ट’ का आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को वैश्विक रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने तथा उनकी शिक्षा, कौशल एवं प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जापान के प्रतिनिधिमंडल के साथ सीधा संवाद युवाओं को वहां की रोजगार व्यवस्था एवं संभावनाओं को समझने में उपयोगी साबित होगा।
कार्यक्रम में मि. रिन् तानाका, मिस टोमोए इगुची, मि. तेत्सुशी तकागी, मि. हिरोया यागुची, श्री कृष्णन नारायणन, मिस क्योको ताकेमोतो, सांसद नवीन जिन्दल के संसदीय कार्यालय प्रभारी एवं पूर्व आईएएस धर्मवीर सिंह, अभिषेक सहगल तथा आवेश सिंह उपस्थित रहे।

