डिप्टी कमिश्नर ने एस.आई.आर. के तहत 100% गणना और डिजिटाइजेशन का काम पूरा करने पर 2 बूथ लेवल अधिकारियों को किया सम्मानित

पंजाब

जालंधर,मनदीप कौर 9 जुलाई : डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने आज वोटर सूचियों की चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) के तहत 100% गणना (इन्यूमरेशन) और डिजिटाइजेशन का काम पूरा करने पर दो बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) को मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब द्वारा जारी प्रशंसा पत्रों से सम्मानित किया।

मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब द्वारा जारी प्रशंसा पत्र विधानसभा क्षेत्र 034-जालंधर पश्चिमी के अंतर्गत बूथ नंबर 116 की बी.एल.ओ. मीनू और विधानसभा क्षेत्र 037-जालंधर छावनी के अंतर्गत बूथ नंबर 121 के बी.एल.ओ. गणेश कुमार को सौंपे गए। यह सम्मान उन्हें अपने संबंधित पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की पूर्ण गणना सुनिश्चित करने और बी.एल.ओ. ऐप के माध्यम से पूर्ण डिजिटाइजेशन हासिल करने में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दिया गया।

दोनों अधिकारियों को बधाई देते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि उनकी लगन और समर्पण इस व्यापक चुनाव अभियान में लगे अन्य बी.एल.ओ. के लिए प्रेरणा का काम करेगा। श्री वालिया ने हर मतदाता तक सफलतापूर्वक पहुंचने और प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए उनके प्रयासों की सराहना की।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार बी.एल.ओ. 15 जून से 24 जुलाई, 2026 तक घर-घर जाकर सर्वेक्षण कर रहे हैं और मतदाताओं से गणना फॉर्म एकत्र कर रहे हैं।

जिले के निवासियों से अपील करते हुए जिला चुनाव अधिकारी ने सभी योग्य मतदाताओं से बी.एल.ओ. के साथ सहयोग करने और आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने भरे हुए गणना फॉर्म जल्द से जल्द जमा करवाने की अपील की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एस.आई.आर. का उद्देश्य सही और त्रुटिरहित मतदाता सूची सुनिश्चित करना है और यह पक्का करना है कि कोई भी योग्य मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *